यूएई में रह रहे भारतीयों के लिए दूतावास ने की एडवाइजरी जारी, अफवाहों से दूर रहने की, की अपील |
अबू धाबी, 28 फरवरी 2026 : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहे भारतीय समुदाय के लिए भारतीय दूतावास ने एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में सभी भारतीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे देश की सुरक्षा स्थिति को लेकर फैल रही अफवाहों और फर्जी खबरों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।
दूतावास ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से बचने के लिए भारतीय समुदाय को यूएई सरकार और भारतीय मिशन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स और संचार माध्यमों का ही अनुसरण करना चाहिए।

इन आधिकारिक हैंडल्स से लें जानकारी
दूतावास ने अपडेट के लिए निम्नलिखित आधिकारिक प्लेटफॉर्म्स को फॉलो करने की सलाह दी है:
भारतीय दूतावास, अबू धाबी
भारतीय वाणिज्य दूतावास, दुबई
यूएई विदेश मंत्रालय
यूएई रक्षा मंत्रालय
यूएई गृह मंत्रालय
नेशनल इमरजेंसी क्राइसिस एंड डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NCEMA)
अमीरात न्यूज एजेंसी
यूएई गवर्नमेंट मीडिया ऑफिस
अबू धाबी मीडिया ऑफिस
दुबई मीडिया ऑफिस
दूतावास ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट या संवेदनशील जानकारी साझा करने से पहले सावधानी बरतें और यूएई प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
अफवाहों से सतर्क रहने की अपील |
एडवाइजरी में दोहराया गया है कि अफवाहें और फर्जी समाचार सामाजिक अशांति और भ्रम की स्थिति पैदा कर सकते हैं। ऐसे में भारतीय समुदाय को जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए संयम और सतर्कता बनाए रखने की आवश्यकता है।
भारतीय दूतावास ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी महत्वपूर्ण अपडेट की जानकारी आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाती रहेगी।

