जितिन श्रीवास्तव और सचिन श्रीवास्तव को मिला नेशनल प्राइड एंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026
एमजी न्यूज़ नेटवर्क : आगरा : देश में स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल व्यापार और आत्मनिर्भर भारत के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं दीर्घकालिक योगदान देने वाले श्री श्यामा श्याम इंडस्ट्रीज इंडिया के संस्थापक जितिन श्रीवास्तव एवं सह-संस्थापक सचिन श्रीवास्तव को प्रतिष्ठित “नेशनल प्राइड एंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान गणतंत्र दिवस – 26 जनवरी 2026 के गौरवमयी अवसर पर प्रदान किया गया, जो न केवल दोनों उद्यमियों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
अवार्ड के अंतर्गत—
• जितिन श्रीवास्तव को उद्यमी एवं संस्थापक (Entrepreneur & Founder)
• सचिन श्रीवास्तव को उद्यमी एवं सह-संस्थापक (Entrepreneur & Co-Founder)
के रूप में उनकी दूरदर्शी सोच, नवाचार, नेतृत्व क्षमता तथा समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
श्री श्यामा श्याम इंडस्ट्रीज इंडिया सोलर एनर्जी के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है, जिसका उद्देश्य स्वच्छ, सतत एवं किफायती ऊर्जा को जन-जन तक पहुँचाना है। वहीं, इसी संस्थान के अंतर्गत संचालित ऑनलाइन मार्केटप्लेस wowooocart.com के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों, लघु उद्योगों और स्टार्टअप्स को डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी जितिन श्रीवास्तव और सचिन श्रीवास्तव को हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से किए जा रहे उत्कृष्ट, निष्पक्ष एवं जनहितकारी कार्यों के लिए “हिंदी गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जा चुका है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका यह दीर्घ अनुभव सामाजिक सरोकारों, जनसमस्याओं और सकारात्मक राष्ट्र निर्माण की भावना को निरंतर मजबूती प्रदान करता रहा है।
अवार्ड समिति के अनुसार, दोनों उद्यमियों का कार्य राष्ट्र निर्माण, आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ ऊर्जा और जिम्मेदार पत्रकारिता की भावना को एक साथ सशक्त करता है, जिसके दृष्टिगत उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
जितिन श्रीवास्तव का वक्तव्य
अवार्ड प्राप्ति पर जितिन श्रीवास्तव ने कहा— “नेशनल प्राइड एंड एक्सीलेंस अवार्ड 2026 मिलना मेरे लिए अत्यंत सम्मान और गौरव की बात है। यह पुरस्कार केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारी पूरी टीम, परिवार, सहयोगियों और पाठकों का सम्मान है। पत्रकारिता से लेकर उद्यमिता तक हमारा उद्देश्य हमेशा समाज और राष्ट्र के हित में कार्य करना रहा है। यह सम्मान हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”
सचिन श्रीवास्तव का वक्तव्य
वहीं सचिन श्रीवास्तव ने कहा—“हिंदी पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज़ बनना और अब उद्यमिता के क्षेत्र में नवाचार के साथ कार्य करना—यह दोनों ही हमारे लिए सेवा के माध्यम हैं। यह अवार्ड हमें नई ऊर्जा और संकल्प देता है कि हम अपने कार्यों से देश और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देते रहें।”
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शुभचिन्तकों और कुछ सामाजिक संगठनों ने दोनों उद्यमियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

