राष्ट्रीय मतदाता दिवस से पूर्व आगरा में मतदान जागरूकता अभियान, मंडलायुक्त ने दिलाई अधिकारियों-कर्मचारियों को शपथ
एमजी न्यूज़ नेटवर्क : आगरा : राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर आगरा मंडल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने आयुक्त सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष और जिम्मेदारी से मतदान करने की शपथ दिलाई।


मंडलायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और आम नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को आरबीएस कॉलेज स्थित ऑडिटोरियम में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।
इसके साथ ही रविवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। विशेष अभियान के अंतर्गत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम संशोधन और अन्य आवश्यक सुधारों के लिए मतदाता सूची से संबंधित आवेदन फॉर्म भरे जाएंगे।
प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना है।

