NEET-UG प्रदर्शन मामले में दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, 13 FIR मामलों में प्रदर्शनकारियों को राहत

Share this post with your friends

एमजी न्यूज़ समाचार : नई दिल्ली: 31 जुलाई दिल्ली सरकार ने कथित NEET (UG) परीक्षा अनियमितताओं को लेकर हुए प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में बड़ा फैसला लिया है। गृह विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 29 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे तक दिल्ली पुलिस ने कुल 13 एफआईआर दर्ज की थीं। अब सरकार ने इन मामलों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आगे कोई प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया है।

दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय 28 जुलाई 2026 को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के अनुरूप लिया गया है। आदेश के अनुसार, जिन लोगों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और जो केवल प्रदर्शन में शामिल थे, उनके विरुद्ध दिल्ली पुलिस कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं करेगी। हालांकि, यह राहत आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर लागू नहीं होगी।

गृह विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि यदि इन मामलों में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी या हिरासत हुई है तो उसकी तत्काल समीक्षा की जाएगी और पात्र व्यक्तियों की रिहाई की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।

दिल्ली सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि प्रदर्शन में शामिल अधिकांश व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की जाएगी तथा इन मामलों को आगे की कार्यवाही के बिना बंद माना जाएगा।

यह आदेश दिल्ली के उपराज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति पर प्रधान सचिव (गृह) संतोष डी. वैद्य, जो कि एक आईएएस अधिकारी हैं के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *