माल ढुलाई में आगरा एयरपोर्ट प्रदेश के पहले तीन एयरपोर्टों में शामिल |
आगरा : एम जी न्यूज़ नेटवर्क : सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधिमंडल से मुलाक़ात के दौरान आगरा एयरपोर्ट डायरेक्टर ए ए अंसारी ने बताया कि सिविल एयरपोर्ट से ‘एयर कार्गो ऑपरेशन’ बढाये जाने के प्रयास फलीभूत होना शुरू हो गये हैं और वर्तमान में माल ढुलाई की दृष्टि से लखनऊ और वाराणसी के बाद आगरा एयरपोर्ट प्रदेश का तीसरे नंबर का हवाई अड्डा बन चुका है।

आगरा एयरपोर्ट से सामान की ढुलाई के लिये सभी जरूरी व्यवस्थाएं भी की जा चुकी है और अब इनकी जानकारी उन सभी लक्षित उत्पादकों और कारोबारियों तक पहुंचने का प्रयास है जो अंतर्देशीय आयात और निर्यात की अपनी जरूरतों के लिये यहां का उपयोग कर सकते हैं।
श्री अंसारी के अनुसार सिविल एयरपोर्ट आगरा, प्रदेश के अन्य सिविल एयरपोर्टों में सबसे अधिक कारोबारी संभावनाओं वाला एयरपोर्ट है। थोडे से ही प्रचार मात्र से दो महीने के भीतर ही आगरा एयरपोर्ट से जितना अंतर्देशीय आयात और निर्यात हुआ वह वाराणसी और लखनऊ के हवाई अड्डों के अलावा सबसे अधिक है।
वर्तमान में माल की एयरक्राफ्ट में लोडिंग और अनलोडिंग के लिए एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल मानकों के अनुरूप सभी पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध हैं, फिलहाल यहां सबसे ज्यादा फ्लाइटें इंडिगो एयरलाइंस के द्वारा ऑपरेट की जा रही हैं और उम्मीद है कि अन्य एयरलाइंसों को भी अपने ऑपरेशनों को ओपरेट करने के लिए सभी पर्याप्त उपलब्ध सुभीधाएं शीघ्र ही आकर्षित करेंगी |
सी सी टी वी कैमरे एवं इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध |
कैमरों के माध्यम से एन्कलेव पर निगरानी की क्षमता शीघ्र ही दुगनी हो जायेगी।यात्रियों की सुविधा के लिये एन्कलेव में इंटरनेट की वाई फाई ( Wireless Fidelity) सुविधा भी उपलब्ध करवायी जा रही है जिसके माध्यम से कोई भी यात्री अपने स्मार्ट फोन पर ओटीपी प्राप्त कर आधे घंटे के लिये निशुल्क वाई फाई का इस्तेमाल कर सकेगा।
एन्कलेव पर देशी यात्रियों की बढ़ी है भीड़ |
सिविल एयरपोर्ट पर अब यात्रियों की भीड-भाड काफी बढ़ती ही जा रही है विदेशी यात्रियों की तुलना में देशीय यात्री अधिक होते हैं। इनमें ज्यादातर वे हैं जो समय की कमी या ट्रेन मे रिजर्वेशन न मिल पाने के बावजूद यात्रा करना चाहते हैं मुंबई, बैंगलोर, हैदराबाद और गोवा की कनेक्टिंग फालइटों के लिये तो नॉन टूरिस्ट सीजन में भी यात्रियों की भरपूर संख्या उपलब्ध रहती है ज्यादातर यात्री अपने गंतव्य के लिए सीधी फ्लाइट पकड़ना ही उपयुक्त मानते हैं।
इंडिगो की कार्गो ऑपरेशन का विस्तार होगा |
इंडिगो एयरलाइंस के कार्गो ऑपरेशन इंचार्ज श्री विकास कुमार ने बताया कि अब तक जो उत्पाद या सामान एयरलाइंस के माध्यम से आया और गया है उसमें चमड़े के उत्पाद, चांदी और चांदी के उत्पाद ज्यादा शामिल हैं। जूता निर्यातकों ने भी एयरलाइंस की फ्लाइटों को ही अपने निर्यात के सामान को पोर्ट सिटी तक पहुंचाने के लिये अधिक उपयुक्त एवं सुविधाजनक माना है।
कार्गो आप्रेशन इंचार्ज ने अपनी सुविधा के संभावित उपभोक्ताओं से संपर्क करने को लेकर उत्सुकता जताई तो सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के जनरल सेक्रेटरी ने आगरा के कारोबारियों और कारखाना संचालकों के दो मुख्य संगठन के बारे मे जानकारी देकर कहा कि इनके साथ बैठक कर अपने संभावित उपभोक्ताओं तक सहजता के साथ पहुच सकते हैं।
चेन्नई से सीधी कनेक्टिविटी का मुद्दा |
इंडिगो के एयरपोर्ट मैनेजर प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि आगरा से चेन्नई के लिये फिलहाल बैंगलोर होकर एयर कनेक्टिविटी मौजूद है, हालांकि चेन्नई से आगरा की सीधी कनेक्टिविटी की लगातार मांग आ रही है लोड और पैसेंजर दोनों की ही दृष्टि से इसके लिये भरपूर संभावनाएं प्रतीत होती है। एयरलाइंस एडमिस्ट्रशन को इससे अवगत करवाया जा रहा है जिससे जब भी नयी फ्लाइटें शुरू हों या या रीशेड्यूलिंग हो तो यह मुद्दा भी विचारणीय होगा।
