गैस संकट पर सपा का ‘जवाब दो’ अभियान, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने डीएम से मांगा जवाब

Share this post with your friends

एमजी न्यूज़ नेटवर्क : आगरा : शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत और कालाबाजारी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने ‘जवाब दो’ अभियान के तहत प्रशासन को घेरा। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (डीएम) से मुलाकात कर आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और जवाब तलब किया।

 

प्रतिनिधिमंडल ने डीएम के समक्ष आरोप लगाया कि आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए 10-10 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं को एजेंसियों द्वारा ‘नो स्टॉक’ कहकर वापस लौटा दिया जाता है, जबकि दूसरी ओर अतिरिक्त ₹200 से ₹400 लेकर सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं।

इस दौरान शब्बीर अब्बास ने कहा कि यह स्थिति पूरी तरह से व्यवस्था की विफलता को दर्शाती है और इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से तीन प्रमुख सवाल किए—बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी में देरी क्यों हो रही है, कालाबाजारी पर क्या कार्रवाई की जा रही है और एजेंसियों की जांच कब होगी।

जिलाधिकारी ने जवाब में बताया कि ई-केवाईसी (eKYC) अपडेट न होने और सर्वर संबंधी समस्याओं के कारण डिलीवरी में देरी हो रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक बुलाकर सख्त निर्देश दिए गए हैं और जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

समाजवादी पार्टी ने प्रशासन के सामने कई मांगें भी रखीं, जिनमें सभी गैस एजेंसियों का तत्काल स्टॉक ऑडिट, कालाबाजारी में शामिल एजेंसियों के लाइसेंस निरस्त करने, घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग बंद करने और हर उपभोक्ता को समय पर गैस उपलब्ध कराने की मांग शामिल है।

सपा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी।

इस अवसर पर पुष्पेंद्र शर्मा, राहुल चतुर्वेदी, नितिन कोहली, विनय अग्रवाल, विजेंदर प्रजापति, मधुकर अरोड़ा, राहुल चौधरी, देवेंद्र राठौर, चौधरी फरहान, रामनरेश यादव, विजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *