आगरा में सम्पन्न हुआ राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन, देशभर से जुटे 300 से अधिक पत्रकार
एमजी न्यूज़ समाचार : आगरा: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) द्वारा 6 एवं 7 जून 2026 को आगरा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 300 पत्रकारों, संपादकों, मीडिया विशेषज्ञों एवं साहित्यकारों ने सम्मेलन में भाग लेकर पत्रकारिता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मीडिया के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।

सम्मेलन के प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल तथा उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय रहे। वहीं द्वितीय दिवस के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति प्रो. आशु रानी, आगरा-फिरोजाबाद सीट से विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा आगरा जिलाध्यक्ष प्रशांत पुनिया एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सम्मेलन के दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा पत्रकारों के अधिकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। देश के विभिन्न प्रांतों से आए पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा करते हुए मीडिया की विश्वसनीयता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित राष्ट्रीय पदाधिकारियों में नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी (दिल्ली), राष्ट्रीय महासचिव प्रदीप तिवारी (भोपाल), प्रमोद गोस्वामी (लखनऊ) तथा प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे (लखनऊ) शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए पत्रकारों की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया।

सम्मेलन के आयोजन में आगरा इकाई के जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह, जिला महामंत्री दिलीप सुराना, जिला उपाध्यक्ष सचिन श्रीवास्तव तथा जिला सचिव जितिन श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं आतिथ्य की प्रतिभागियों ने सराहना की।

सम्मेलन स्थल पर स्थापित आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। देशभर से आए पत्रकारों के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों ने भी यहां उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं।




दो दिवसीय यह सम्मेलन न केवल पत्रकारों के बीच संवाद और समन्वय का मंच बना, बल्कि आगरा को राष्ट्रीय पत्रकारिता जगत के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी स्थापित करने में सफल रहा।

सम्मेलन के समापन अवसर पर पत्रकारिता के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
